आतिशबाजी चलाने के मामले में 13 मुकदमे दर्ज
मुजफ्फरनगर। एनजीटी के आदेश के बावजूद दीपावली पर शहर में आतिशबाजी करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली व थाना सिविल लाइंस में 13 मुकदमे पुलिस की ओर से दर्ज किए गए हैं।
दीपावली से पूर्व वायु प्रदूषण रोकने के लिए एनजीटी ने एनसीआर क्षेत्र में पटाखे छुड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके चलते जनपद में पटाखे बेचने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद शहर में घनी आबादी के बीच भी सड़कों के किनारे जमकर पटाखों की बिक्री की गई। इसके चलते देर रात तक आतिशबाजी की गई। अब पुलिस ने एनजीटी की कार्रवाई से बचने के लिए अज्ञात के खिलाफ कुल 13 मुकदमे दर्ज किए हैं। शहर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला आर्यपुरी, रामपुरी, रामलीला टिल्ला, गांव रोहाना कलां, एकता विहार, बुढ़ाना मोड़ स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी, रामपुरम मोड़ पर आतिशबाजी करने के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं, थाना सिविल लाइंस ने कच्ची सड़क व ब्रह्मपुरी समेत छह स्थानों पर आतिशबाजी करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जब वह पटाखे छोड़ने की सूचना पर मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देख कर फरार हो गए। इन्हें चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।