पुरकाजी नगर पंचायत की बैठक में कई प्रस्ताव पास
पुरकाजी। नगर पंचायत कार्यालय में हुई बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष के बजट सहित एक दर्जन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। सभी सभासदों द्वारा अपने वार्डों के लिए दिए गए प्रस्तावों पर भी विकास कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया गया।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी की अध्यक्षता व ईओ मनोज यादव के संचालन में बोर्ड बैठक हुई। बैठक में सर्वप्रथम वित्तीय वर्ष 2019-20 का बजट पास किया गया। जिसमें अनुमानित आय 14 करोड़ 89 लाख 50 हजार और व्यय 14 करोड़ 57 लाख 90 हजार रुपये बताया गया। इसके अलावा कस्बे में होने वाली लड़कियों की शादी में वार्ड सभासद की संस्तुति पर पानी के टैंक की नि:शुल्क व्यवस्था करने व खाईखेड़ी मार्ग पर बने अस्वच्छ शौचालय का ध्वस्तीकरण और हाइवे पर गोयल पेट्रोल पंप के सामने से हटवाए गए अवैध अतिक्रमण की जगह पर विकास कराने, भूराहेड़ी बाईपास, लक्सर बस स्टैंड व रोडवेज बस स्टैंड पर यात्री शेड लगवाने सहित एक दर्जन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। इसके अलावा वार्ड सभासदों द्वारा दिए गए प्रस्तावों का कार्य जल्द कराने का आश्वासन दिया गया। बोर्ड बैठक में समर काजमी, सभासद मोहम्मद सुलेमान, इशरत जहां, नदीम कुरेशी, नरेंद्र पाल, राखी, खुर्रम, दीपू वर्मा, निसार अहमद आदि समस्त सभासद मौजूद रहे।