80 हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं
मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव डिग्री कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवायोजना के विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने ग्राम सैदपुर में पेयजल की समस्या पर सर्वे किया। पता लगा कि शिविर स्थल के आसपास के करीब 80 हैंडपंपों का पानी पीने के लायक नहीं है।
पांचवें दिन के शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्या रीना सहरावत व कार्यक्रम अधिकारी डा.रश्मि तायल ने मां सरस्वती व स्वामी कल्याण देव महाराज के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में योग का जीवन में महत्व विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। योगाचार्य डा. सत्यकांत ने बताया कि योग सही तरह से जीवन जीने का विज्ञान है। इसलिए इसे दैनिक जीवन में शामिल किया जाना चाहिए। यह व्यक्ति के सभी पहलुओं पर काम करता है। उन्होंने बताया कि योग का अर्थ एकता या बांधना है। व्यावहारिक स्तर पर, योग शरीर, मन और भावनाओं को संतुलित करने और तालमेल बनाने का एक साधन है। स्वयंसेवकों ने गांव में जल की समस्या पर सर्वे किया। शिविर स्थल के आसपास के घरों में लगे हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं पाया गया। शिविर को सफल बनाने में डा. फरहाना राना, सोनम, नाजमीन, सतेंद्र कुमार, रंधीर कुमार, डा. प्रियंका , अंकुर गर्ग, अजीत सिंह, शिवम, दीपक वशिष्ठ, राजपाल सिंह, शेखर शर्मा, बालेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, दुष्यंत, कृष्ण कुमार, प्रमोद, मंतोष, सीमा आदि का सहयोग रहा।