परासौली ग्राम पंचायत समिति के अध्यक्ष साजिद बने
बुढ़ाना/ परासौली। परासौली में ग्राम पंचायत समिति अध्यक्ष के चुुनाव के लिए आयोजित बैठक में सभी 15 ग्राम पंचायत सदस्यों ने अपना मतदान किया। इस चुनाव में साजिद को 8 व अशोक कुमार को सात वोट मिले। निलंबित ग्राम प्रधान पक्ष के साजिद ने अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया। चुनाव अधिकारी मुकुट राज ने सभी ग्राम पंचायत सदस्यों व ग्रामीणों के बीच अध्यक्ष पद के परिणाम की घोषणा की। चुनाव के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव परासौली के ग्रामीणों ने गांव के प्रधान हाजी इलियास पर गांव के विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए थे। जिलाधिकारी के आदेशों पर दो जांच टीमों ने अलग-अलग दिनांक मे पहुंचकर गांव के विकास कार्यों की जांच की थी। गांव के विकास हेतु निर्माण कार्यों में हुई धांधली तथा ग्रामीणों के बयान के अनुसार जांच अधिकारियों की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी राजीव शर्मा ने ग्राम प्रधान के सभी अधिकार सीज कर दिए थे। गांव के कब्रिस्तान की दीवार गिरवाने के मामले में ग्राम प्रधान जेल भी जा चुका है। ग्राम प्रधान के निलंबन के कारण परासौली गांव के विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर गांव में ग्राम पंचायत समिति का अध्यक्ष चुने जाने को लेकर 29 दिसंबर को भी परासौली गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 में मीटिंग का आयोजन हुआ था। बुुधवार को चुनाव अधिकारी मुकुटराज भारी पुलिस बल के साथ परासौली पहुंचे। गांव के प्राथमिक विद्यालय नं. 1 में ग्राम पंचायत के सभी 15 सदस्य उपस्थित हुए। अध्यक्ष के पद हेतु निलंबित प्रधान हाजी इलियास की ओर से साजिद ने तथा विरोधी खेमे की ओर से अशोक कुमार ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस चुनाव में साजिद को 8 तथा अशोक कुमार को 7 वोट मिले। इस प्रकार से साजिद ने अध्यक्ष के पद पर अपना कब्जा जमाया। चुनाव अधिकारी मुकुट राज ने सभी ग्राम पंचायत सदस्यों व ग्रामीणों के बीच साजिद को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया। चुनाव अधिकारी व एडीओ पंचायत मुकुट राज ने बताया कि ग्राम प्रधान हाजी इलियास को विकास कार्यों की जांच रिपोर्ट के अनुसार जिलाधिकारी राजीव शर्मा ने सात दिसंबर को निलंबित कर दिया था। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर ग्राम प्रधान के सभी अधिकार अब ग्राम पंचायत समिति के अध्यक्ष साजिद को दिए जाएंगे।