मुजफ्फरनगर। शहर के एक कथित समाजसेवी के फेसबुक पर डाली गई पोस्ट को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। एसपी सिटी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक कथित समाजसेवी ने तीन दिन पूर्व सोशल साइट फेसबुक पर बहुसंख्यक समुदाय के धर्मस्थल को इंगित करते हुए आपित्तजनक पोस्ट की थी, जिसे लेकर हिंदू समुदाय के लोगों में आक्रोश बन गया था। मामले में जहां सोशल साइट्स पर समाजसेवी को जमकर ट्रोल किया गया, वहीं उसके खिलाफ नई मंडी कोतवाली में नामजद तहरीर भी दे दी गई थी। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही है। वहीं, एसपी सिटी ओमवीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर जल्द ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।