प्रधान संगठन ने कार्य बहिष्कार की घोषणा की
जानसठ। अखिल भारतीय प्रधान संगठन की बैठक में प्रधानों ने अपनी 13 मांगों को पूरा कराने की मांग की। वक्ताओं ने संगठन अध्यक्ष के साथ सीडीओ के गलत व्यवहार को लेकर रोष प्रकट करते हुए सरकारी कार्यों का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन की बैठक ब्लाक सभागार में हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने कहा कि प्रधान संगठन द्वारा प्रधानों के अधिकारों के लिए 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन डीएम को दिया गया था। इनमें से एक भी समस्या का समाधान अभी तक नहीं किया गया है। वहीं, संगठन के अध्यक्ष द्वारा सीडीओ से प्रधान संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन की मांगों के समाधान के बारे में बात की, तो उन्होंने मिलने से मना कर दिया था। इसको लेकर प्रधानों में रोष व्याप्त है। सीडीओ के इस व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की जाती है। संगठन ने कहा कि जब तक प्रधानों की मांगे पूरी नहीं होती, तब तक सभी सरकारी कार्यों का बहिष्कार कर दिया गया है। कोई भी प्रधान किसी भी सरकारी कार्य में भाग नहीं लेगा। बैठक की अध्यक्षता मेहरचंद और संचालन महबूब आलम ने किया। प्रधान सोरभ काकरान, यजुवेंद्र उर्फ टीट,ू संजीव उर्फ बाटू, विकास लांबा, आलोक गोयल, खलील गुर्जर, मांगेराम, प्रवीण कुमार, सुधीर कुमार, रतन सिंह, इस्लाम, विनोद कुमार, सुखराम पाल, संजय कुमार आदि ग्राम प्रधान मौजूद रहे।