मुजफ्फरनगर। नदी घाट के प्राचीन देवी मंदिर सिद्धपीठ के वार्षिक मेले में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजन किया। बच्चों ने ऊंट की सवारी का लुत्फ उठाया और मेले में खरीददारी की गई। मां शाकंभरी और मां बाला सुंदरी की पूजा कर नवविवाहित जोड़ों ने मन्नत मांगी। श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजन के लिए भीड़ उमड़ी। पंडित महेश मिश्रा के निर्देशन में देवी माता को भोग लगाया गया। पंडित भूषण लाल, डॉ संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में मेले की व्यवस्था रही।
गायत्री यज्ञ के लिए भूमि पूजन
मुजफ्फरनगर। शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशन में 108 कुंडीय गायत्री यज्ञ के लिए गांधी पालीटेक्निक में भूमि पूजन विधायक कपिल देव अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल ने किया। शांतिकुंज से पधारे बालरूप शर्मा एवं प्रेम लाल बिरला ने वैदिक कर्मकांड से भूमि पूजन कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञ के तीन उद्देश्य है, प्रथम व्यक्ति निर्माण, द्वितीय व्यसन मुक्ति और तृतीय पर्यावरण संरक्षण है। उप प्रधानाचार्य सतीश शर्मा, दिनेश शर्मा, बीके शर्मा, ओमकार, रूकमणि भारद्वाज, सोहनबीरी देवी, सरस्वती शर्मा, चंदन दीक्षित आदि मौजूद रहे। बताया गया कि 28 से 31 मार्च तक भोपा रोड स्थित गांधी पालीटेक्निक में महायज्ञ होगा।