डिपो में खस्ताहाल बसों को देखकर हुईं खफा
खतौली (मुजफ्फरनगर)।
परिवहन विभाग की प्रमुख सचिव परिवहन और जिले की नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने रोडवेज बस डिपो का निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव डिपो में बसों की खस्ताहाल खड़ी बसों को देखकर नाराज हो गईं। कार्यशाला में बसों के रखरखाव की खामियों को लेकर कर्मचारियों की क्लास लीं। उन्होंने एआरएम और फोरमैनों को कार्य में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने रोडवेज डिपो में संतोषजनक कार्य नहीं मिलने पर आरएम को एक महीने तक डिपो में मौजूद रहकर अपनी देखरेख में डिपो को चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। ग्राम सचिवों की दैनिक डायरी नहीं बनाए जाने तथा डिमांड रजिस्टर नहीं मिलने पर बीडीओ की क्लास ली। उन्होंने ब्लाक में मिली खामियों को तुरंत ठीक कराने के बीडीओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला रोडवेज बस डिपो का निरीक्षण करने पहुंचीं। प्रमुख सचिव सीधे डिपो की कार्यशाला का निरीक्षण किया। कार्यशाला में बसों की खस्ताहाल को देखकर नाराज हो गईं। कार्यशाला में कर्मचारियों की कम अनुपस्थिति को देखकर उन्होंने एआरएम रणजीत सिंह से उपस्थिति रजिस्टर मंगवाया। उपस्थिति रजिस्टर में मात्र 42 कर्मचारियों में से मात्र 12-13 कर्मचारी की हाजिरी मिली, जिस पर उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर के हिसाब से कर्मचारियों को नाम से पुकार कर अपने पास बुलाया और उनसे कार्यशाला में उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बसों के रखरखाव को लेकर एआरएम रणजीत सिंह के अलावा सीनियर फोरमैन रामप्यारे, फोरमैन हरिकिशन को जमकर हड़काया। उन्होंने डिफेक्टर रजिस्टर नहीं बनाए जाने तथा बसों के रखरखाव ठीक से नहीं होने पर नाराजगी जताई। प्रमुख सचिव ने एआरएम को अपने कार्यप्रणाली में सुधार करने की चेतावनी दी। उन्होंने रोडवेज बस डिपो में खामियां मिलने पर आरएम मनोज पुंडीर को एक महीने तक खतौली डिपो में बैठकर खुद डिपो को चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रमुख सचिव ने ब्लाक का निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लाक में अधिकारियों व कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर, जन शिकायती रजिस्टर का अवलोकन किया। ग्राम सचिवों के भ्रमण दैनिकी रजिस्टर के अलावा सरकारी योजनाओं के रजिस्टर नहीं बनाने पर नाराजगी जताई। कार्यों के डिमांड रजिस्टर नहीं बनाए जाने पर बीडीओ की क्लास ली। ग्राम सचिवों के निरीक्षण रिपोर्ट आख्या का रजिस्टर व पेंशन संबंधित रिकार्ड नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बीडीओ को ब्लाक में मिली खामियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
ये कार्यालय है आपका घर नहीं
प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने डिपो में काफी खामियां मिलने पर नाराजगी जताते हुए एआरएम रणजीत को यहां तक कहा दिया कि ये कार्यालय है, आपका घर नहीं है, अपनी मर्जी से चलाओगे। कार्यालय को सरकारी कार्यालय की तरह से ही चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की ओर से एक बाहरी व्यक्ति पैरवी करने लगा, जिस पर प्रमुख सचिव ने उस व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए अधिकारियों से कहा। प्रमुख सचिव का गुस्सा भांपकर वह व्यक्ति डिपो से रफू चक्कर हो गया।