रजवाहों की आधी अधूरी सफाई से रोष
मोरना।
राष्ट्रवादी भाकियू के किसानों ने सिंचाई विभाग द्वारा चालू रजवाहों की आधी अधूरी सफाई कराने पर रोष प्रकट किया। किसानों ने चालू रजवाहों की सफाई दुरुस्त कराने की मांग की है।
मोरना क्षेत्र के बंद पड़े रजवाहों की सफाई सिंचाई विभाग द्वारा कराई जा रही है। राष्ट्रवादी भाकियू के जिलाध्यक्ष उदेश कुमार व जिला प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि संगठन चालू रजवाहों में सिल्ट आदि की सफाई की मांग करता है। सिंचाई विभाग द्वारा चालू रजवाहों की सफाई न कराकर वर्षों से बंद पड़े भोकरहेड़ी-बसेड़ा मार्ग पर स्थित शिरकी नामक रजवाहा, भोकरहेड़ी के दक्षिण-पूर्वी रजवाहा जो कि सन 1990 के बाद से बंद पड़े हैं, उनकी आधी अधूरी सफाई सिंचाई विभाग द्वारा कराया जाना समझ से परे है। बंद पड़े रजवाहों की टुकड़ों में सफाई कराकर सरकारी धन को बर्बाद किया जा रहा है, जिसको लेकर संगठन आंदोलन करेगा। सिंचाई विभाग के अभियंता अशरफ अली खान ने बताया कि वर्ष 2013 के बाद रजवाहों की सफाई का बजट पास हुआ है। जिस मद का पैसा विभाग से आया है, उसी प्रकार से कार्य किया जा रहा है। पूर्व में प्रतिवर्ष रजवाहों की सफाई कराई जाती थी, किंतु अब ऐसा नहीं है। महक सिंह, विक्रम सिंह, नरेंद्र बालियान, सरदार सतपाल सिंह, बिजेंद्र यादव, मास्टर इकबाल सिंह आर्य, प्रेमपाल सिंह, बोबी भोकरहेड़ी, मंकुल फौजी, मोहम्मद ईसा भोकरहेड़ी, राहुल, कपिल, विक्रम, सुदेश पाल किसानों आदि ने रोष प्रकट किया।