पालिका ने 23 टीमें बनाई, चार से होगी फॉगिंग
मुजफ्फरनगर। नगर और देहात में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप को कम करने के लिए नगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। पालिका ने फॉगिंग के लिए 23 टीमों का गठन किया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने देहात में फॉगिंग के लिए टीमें बना दी हैं।
जिला चिकित्सालय और सीएचसी पर बुखार, मलेरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। इनमें अधिकांश मच्छरों के प्रकोप के शिकार हैं। बारिश का मौसम रहने से मच्छरों का प्रकोप अधिक बढ़ गया है। नगर और गांवों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए फॉगिंग का शेड्यूल तैयार किया गया है। नगर पालिका ने 47 वार्डों में फॉगिंग के लिए 23 टीमों का गठन किया है। वार्डवार नगर में पालिका की टीम फॉगिंग करेगी। फॉगिंग कार्य के लिए एक सफाई नायक और पर्यवेक्षक तैनात किया है। चार सितंबर से नगर के वार्ड संख्या 17 और 34 से फॉगिंग अभियान की शुरुआत होगी। पालिका ने नगर वासियों के लिए गाइड लाइन भी जारी की है।
जिसमें कहा गया है कि फॉगिंग के समय अपने घरों व दुकानों में खाने का सामान ढककर रखा जाए। कमरों की खिड़की, दरवाजे खुले रखें और सांस के मरीजों को खुली हवा बैठने की अपील की गई है। नगर में सात अक्तूबर तक अभियान चलेगा। उधर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका सिंह ने बताया कि गांवों में भी फॉगिंग करने के लिए टीमें बना दी गई है, ताकि अभियान को तेज किया जा सके।