बुढ़ाना। कस्बा और देहात क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों की संख्या में महिला, पुुरुष और बच्चों ने योग किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि योग करने से मनुष्य के सभी रोग दूर भाग जाते हैं।
क्षेत्रों में सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में सुबह सात बजे योग शिविरों का आयोजन हुआ। कस्बे के डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक ने भाग लिया। विधायक उमेश मलिक ने कहा कि योग हिंदुस्तान की पहली परंपरा व अमूल्य धरोहर है। एसडीएम कुमार भूपेंद्र ने कहा कि योगा दिमाग ओर शरीर की एकता का प्रतीक है। योग से शरीर के सभी रोगों को दूर भगाया जा सकता है। मौके पर तहसीलदार रतन वर्मा, अधिशासी अधिकारी ओम गिरी, सीओ फुगाना कालू सिंह, सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव, खंड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र, सुधीर कुमार, राजीव कुमार सहित कस्बा व देहात के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्या रेखा त्यागी व स्कूल के प्रबंधक अरविंद गर्ग ने योग शिविर में उपस्थित सभी लोगों को जलपान कराया। कस्बे की आरएसएस की शाखाओं में भी योग किया गया। वहीं, किसान इंटर कालेज खरड़ में आयोजित योग शिविर में देहात के युवकों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य यशपाल सहरावत व प्रबंधक सुभाष मलिक भी योग शिविर में मौजूद रहे। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी ने संघ व भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ नगर पंचायत के पार्क में योग किया।