कर्मचारी की मौत पर बरपा हंगामा
मंसूरपुर। एक निजी कंपनी के शोरूम में हुए हादसे में कर्मचारी की मौत पर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग को लेकर शोरूम पर हंगामा खड़ा कर दिया और धरना देकर बैठ गए। बाद में शोरूम के मैनेजमेंट के बीच आपस में समझौता हो गया।
बेगराजपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मेरठ जिले के गांव जटोली निवासी राहुल पुत्र विजय यहां नेशनल हाईवे पर स्थित एटूजेड कंपनी के ऑटो मोबाइल शोरूम में काम करता था। सोमवार की शाम को राहुल दीवार के पास बैठा मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान शोरूम का कर्मचारी कार लेकर चला। इस बीच राहुल कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। शाम को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार को परिजन एकत्र होकर शोरूम पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मुआवजा देने की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया और धरना देकर बैठ गए। मृतक के परिजनों और कंपनी के मैनेजमेंट के बीच आपस में वार्ता चली। वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच आपस में समझौता हो गया। इसके बाद मृतक के परिजन अपने घर लौट गए।