पुरकाजी। थाना क्षेत्र के ग्राम भोजाहेड़ी में अंडा करी खाने से परिवार के चार लोग की हालत बिगड़ गई। ग्राम भोजाहेड़ी निवासी जितेंद्र कुमार सोमवार रात गांव की एक दुकान से अंडे खरीदकर लाया। अंडे का करी बनाकर परिवार ने खाया। इसके बाद परिवार सो गया। मंगलवार सुबह देर तक भी परिवार के चार लोगों के नहीं उठे। इस पर परिजनों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया। मगर काफी प्रयासों के बावजूद नहीं उठने पर घर में अफरातफरी मच गई। जितेंद्र ने 108 एंबुलेंस को मामले की सूचना दी। इस पर एंबुलेंस गांव पहुंची, जिसमें वह बेहोश पड़ी अपनी माता मुन्नी देवी, पत्नी मीनाक्षी रानी, बहन अन्नू और भाई अचिन कुमार को पुरकाजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार करने के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि विषाक्त भोजन करने के कारण परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ गई थी।
सात के विरुद्ध एनसीआर दर्ज
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के ग्राम नूरनगर में एक दीवार बनाने को लेकर सोमवार रात दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर बाबू, मनीष, राजकली, बलबूतरी और दूसरे पक्ष की तहरीर पर अमरेश, अमित, अरविंद के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में एनसीआर दर्ज की है।
ट्रक की टक्कर से दंपति घायल
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के ग्राम हरेंटी निवासी जसपाल मंगलवार दोपहर अपनी पत्नी सतवीरी के साथ अपने खेत पर काम करने के लिए जा रहा था। रास्ते में पुरकाजी बाईपास पर ट्रक की टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए और ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों द्वारा जानकारी देने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उपचार कराने के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। घायल ने थाने पर तहरीर देकर ट्रक का सुराग लगाकर उसके चालक के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।