मोरना(मुजफ्फरनगर)। गांव खोकनी में दौड़ लगाने के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। चार बहनों में इकलौता भाई की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। शाम को गमगीन माहौल में शुक्रताल के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विकास खंड मोरना के गांव खोकनी में अजब सिंह व नवाब सिंह गुज्जर खेती कर अपना जीवन यापन करते हैं। शुक्रवार की सुबह अनहोनी ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शुक्रवार सुबह विवेक पुत्र अजब सिंह का इकलौता पुत्र जोली (20) बेहड़ा सादात रोड पर दौड़ लगाने के लिए गया था। दौड़ते हुए अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना देकर मामले से अवगत कराया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक छा गया। मृतक के परिवार में बहन मोनू, पूजा, प्रिया और काजल रोते हुए अपने भाई को पुकारते हुए अचेत हो गईं। वहीं, इस घटना को लेकर गांव बेहड़ा सादात, गंगदासपुर, चोरावाला, निवादा, तिस्सा, टंहेडा, ढांसरी, रूमालपुरी, कासमपुर खोला, केडी दरियापुर आदि केग्रामीणों ने परिवार को सांत्वना दी।