सात वर्ष बाद भी किसानों को मुआवजा नहीं मिला
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे द्वारा किसानों की भूमि अधिग्रहण करने के सात वर्ष बाद भी किसानों का करोड़ों रुपये का मुआवजा न दिए जाने को लेकर भाकियू ने किसानों की बैठक में डीएम का घेराव करने का निर्णय लिया है। पंचायत में 32 गांवों के किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गांव सठेड़ी में सुनील काजी के घेर में हुई बैठक में भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि नेशनल हाईवे ने वर्ष 2010 में बाईपास चौड़ीकरण को लेकर किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया था, जिसमें गांव भंगेला, तिगाई, मुबारिकपुर, सरधन, सठेड़ी, रायपुर नंगली, भैंसी, मुस्तफाबाद, पचेंडा, बागोवाली, बझेड़ी, नसीरपुर, सिसौना, रथेड़ी आदि करीब 32 ग्रामों के किसानों की जमीन अधिग्रहीत की गई थी, जिसका आज तक मुआवजा नहीं दिया गया है। कुछ किसानों की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इन किसानों को मुआवजे का एक रुपया भी नहीं दिया गया है। जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर 15 सितंबर को बागोवाली में किसानों की महापंचायत होगी। महापंचायत में जिला मुख्यालय पर डीएम का घेराव कर धरना देने की तिथि की घोषणा की जाएगी। अध्यक्षता मुस्तफा और संचालन बिट्टू तिगाई ने किया। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, प्रमोद, पंकज पचेंड़ा, तारिक प्रधान, राजकुमार, राजेश पंडित, ब्रिजेश, दिनेश, डा. मूसा महबूब, संजय, सिद्धार्थ, विशाल, अनिल आदि मौजूद रहे।