फसली ऋणमाफी का पैसा किसानों के खातों में जारी
मुजफ्फरनगर। फसली ऋण माफी की पहली सूची में शामिल किसानों का पैसा उनके खातों में जारी हो गया है। सीडीओ ने फसली ऋण माफी को लेकर बुलाई गई बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने सभी बैंकों के जिला समन्वयकों से कहा कि सोमवार तक आगामी चरणों के लिए फसली ऋण पाने वाले किसानों के आधार फीडिंग का कार्य पूर्ण करा लें।
कलक्ट्रेट सभागार मेें फसली ऋण मोचन योजना की बैठक में सीडीओ अंकित अग्रवाल ने कहा कि यह सरकार की अति महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में 11 हजार 180 किसानों को कर्ज माफी के लिए चुना गया था। लखनऊ से पैसा जारी कर दिया गया है और किसानों के खाते में पहुंच रहा है। जिन खातों में अभी पैसा नहीं पहुंचा है, वह जल्द पहुंच जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील होकर फीडिंग का कार्य जारी रखें और अगले चरण के लिए आधार कार्ड फीडिंग एवं भूलेख मेपिंग का कार्य भी पूरा कराएं। मृतकों के वारिसान प्रमाणपत्र लेकर उनकी भी फीडिंग का कार्य पूर्ण करें। ऋण संबंधी डुप्लीकेसी एवं आधार कार्ड लिंक कराया जाना, मृत कृषक के स्थान पर उसके संबंधित वारिस का नाम योजना में शामिल किए जाने का सत्यापन तहसील से होगा। जिन बैंकों की भूलेख मैपिंग का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, उसे भी पूरा किया जाए। भूलेख मैपिंग एवं डाटा में तहसील का नाम गलत है तो उसे भी ठीक किया जाएगा। बैठक में एडीएम वित्त सुनील कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि सत्यवीर, जिला कृषि अधिकारी, अग्रणी बैक प्रबंधक एवं सभी जिला स्तरीय बैंक समन्वयक उपस्थित रहे।