हिंदी के प्रचार-प्रसार पर दिया जोर
मुजफ्फरनगर। भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई मंडी के प्रांगण में विश्व हिंदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस दिन का महत्व केवल भारत में ही हिंदी का प्रचार-प्रसार करना नहीं अपितु विश्व पटल पर हिंदी को स्वतंत्र गणराज्य भारत की राजभाषा के रूप में प्रस्तुत करना है। मुख्य वक्ता आचार्य नीशू कौशिक ने बताया कि विश्व में हिंदी को प्रचारित एवं प्रसारित करने के उद्देश्य से विश्व हिन्दी सम्मेलन का आयोजन आरंभ किया गया।
मिशन 2019 में जुटने का आह्वान
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक में कार्यकर्ताओं से मिशन 2019 में जुटने का आह्वान किया गया। जिलाध्यक्ष कुश्वेंद्र तोमर की अध्यक्षता तथा जिला महामंत्री अभिषेक त्यागी एवं सागर वाल्मीकि के संचालन में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री एवं जिला प्रभारी मनीष चौधरी रहे। बैठक में जिला कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों को पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करने को कहा गया। बैठक में सन्नी वर्मा, तरुण पाल, अभिषेक त्यागी, सागर वाल्मीकि, रजत त्यागी, आयुष खटीक, ओम सिंह मोथला, सुमित जैन आदि उपस्थित रहे।
20 तक आयोजित होंगे कार्यक्रम
मुजफ्फरनगर। पार्टी हाईकमान के आदेश पर समाजवादी पार्टी 20 जनवरी तक समाजवादी विकास विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। जिला मीडिया प्रभारी काजी अरशद ने बताया कि जिला स्तर पर बैठक कर कार्यक्रमों के संबंध में रूपरेखा तैयार की जाएगी।
चपरासी के लिए मांगे आवेदन
मुजफ्फरनगर। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय कुमार पचौरी ने चपरासी के एक पद पर नियुक्ति के लिए सेवानिवृत कर्मचारियों के आवेदन मांगे हैं। 65 वर्ष से कम आयु के कर्मचारी को दो वर्ष के लिए अनुबंध पर प्रतिमाह निश्चित मानदेय पर नियुक्ति दी जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि एक फरवरी है।