राशन डीलरों ने हड़ताल की चेतावनी दी
जानसठ। तहसील क्षेत्र के समस्त उचित दर विक्रेताओं ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन देकर राशन डीलरों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा दूसरे प्रदेशों की तरह 200 रुपए प्रति क्विंटल लाभांश देने की मांग की। मांगे पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को तहसील क्षेत्र के समस्त उचित दर विक्रेताओं ने एसडीएम विजय कुमार को ज्ञापन देते हुए बताया कि प्रदेश में कोटेदारों के खिलाफ खाद्यान्न के अनियमितता बरतने के दर्ज मुकदमे में दोहरा मापदंड अपनाया गया है। इलाहाबाद में कोटेदारों से क्षतिपूर्ति की रिकवरी की गई है, जबकि अन्य प्रदेशों में कोटेदारों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिए गए हैं। उन्होंने समस्त कोटेदारों से दर्ज किए गए मुकदमे वापस लेने व अन्य प्रदेशों की तरह 200 रुपए प्रति क्विंटल लाभांश देने की मांग की। राशन डीलरों ने मांगे पूरी न होने पर 5 सितंबर से अनिश्चितकालीन दुकानें बंद कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में जयसिंह, पवन कुमार, गौहर रजा, नरेश कुमार, अनिल कुमार, सीमा देवी, पवन कुमार, राजेंद्र, कुशलपाल, सर्वेश, विजेंद्र, राजकुमार आदि राशन डीलर मौजूद रहे।