मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के आह्वान पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की कड़ी में मंगलवार को जनपद के राजस्व संग्रह अमीन कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए और अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संघ नेताओं ने कहा कि यदि सरकार उनकी जायज मांगों को पूरा करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण नहीं अपनाती है तो छह मार्च से प्रदेश के साथ साथ जनपद में भी राजस्व संग्रह अमीन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
राजस्व संग्रह अमीन संघ की 11 सूत्री मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में जिले की सभी तहसीलों से संग्रह अमीन डीएम कार्यालय पर एक दिवसीय धरना, प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के उपरांत प्रमुख सचिव राजस्व के नाम एक ज्ञापन डीएम राजीव शर्मा को सौंपा गया। इसमें कहा गया है कि संघ 26 सितंबर 2017 से कई बार प्रदर्शन कर शासन से 11 सूत्रीय मांग पूरी करने का आग्रह कर चुका है, लेकिन सरकार कोई भी सकारात्मक रवैया नहीं अपना रही है। इन मांगों में सामयिक सेवाओं को जोड़े जाने, ग्रेड वेतन में वृद्धि, पदोन्नति की पूर्व व्यवस्था बहाल करने, पात्रों को द्वितीय प्रोन्नति वेतनमान प्रदान करने, मोटरसाइकिल भत्ता, पदनाम परिवर्तन करने की मांग शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से धर्मेंद्र कुमार सिंह, किशनलाल, शैलेंद्र कुमार, विनोद त्यागी, प्रमोशन सैनी, उत्तम सिंह, अनित चौधरी, पवन कुमार, मुकेश तेजयान, अन्जार हुसैन, पीतम सिंह, रामकुमार शर्मा, मोबिन अहमद, सहन्सर पाल, मकेश गुप्ता, सुभाष कुमार आदि शामिल रहे।