चरथावल। क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो रिक्त पदों पर होने वाले उप चुनाव के लिए पांच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पांच गांवों के छह ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य के खाली पदों के लिए एक-एक नामांकन दाखिल हुआ। जिससे सभी छह सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है।
सोमवार को निर्वाचन अधिकारी अवनीश पाल शर्मा के निर्देशन में उप चुनाव के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। बीडीओ डॉ साजिद अहमद ने बताया कि चौकड़ा गांव के वार्ड 29 के चुने गए। बीडीसी की मृत्यु एवं दूधली के वार्ड 41 से चुनी गईं बीडीसी मंजू राणा द्वारा इस्तीफा देने के कारण दोनों पद रिक्त चल रहे थे। दूधली के वार्ड 41 से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए रवि बिरालसी, रामी देवी और बबीता दूधली और चौकड़ा के वार्ड 29 से वाजिद और मेहरबान ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा ग्राम पंचायत के छह रिक्त पदों में बेगमपुर के दो अलग-अलग वार्डों से बबीता और लक्ष्मी देवी, चरथावल देहात के अलावलपुर वार्ड से मैनपाल, जटनंगला से विजयपाल, मथुरा से पदम सिंह और लुहारी से इरम सवा का परचा दाखिल हुआ। सभी पदों पर एक-एक नामांकन दाखिल हुआ है। बीडीओ ने बताया कि मंगलवार को नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन है। यदि आवश्यकता हुई तो चुनाव 22 फरवरी को चुनाव कराया जाएगा।