डिपो में निगम का एक परिचालक बर्खास्त
मुजफ्फरनगर। रोडवेज डिपो में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। निगम के एक परिचालक को बर्खास्त किया गया। कार्रवाई की जद में आया परिचालक अक्सर कैश जमा कराने में परेशान करता था, जबकि ड्यूटी चार्ट में उसका रिकार्ड सही नहीं पाया गया है। दिसंबर माह से परिचालक के खिलाफ जांच चल रही थी। कार्रवाई होने से अन्य स्टाफ में भी हड़कंप मचा हुआ है।
बुलंदशहर निवासी सतीश कुमार पुत्र रामबीर रोडवेज परिवहन निगम में बतौर परिचालक के रूप में तैनात था। सतीश को नौकरी मृताश्रित कोटे में मिली थी। सतीश की पिछले आठ साल से मुजफ्फरनगर डिपो पर तैनाती थी। सतीश पर रूट से गाड़ी लाकर कैश जमा न कराए जाने का आरोप था, जिसकी दिसंबर 2016 से विभागीय अफसरों के निर्देश पर जांच की गई। सतीश कुमार अस्थायी रूप से गबन का दोषी पाया गया है। जबकि उसके ड्यूटी और सर्विस बुक का अवलोकन किया गया, जिसमें उसका रिकार्ड संदेहजनक मिला है। ग्यारह माह तक जांच होने के बाद सतीश पर दोष सिद्ध हुआ। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि सतीश कुमार कैश जमा नहीं कराने, ड्यूटी सही नहीं करने का आरोपी पाया गया है। आला अफसरों के निर्देश बुधवार देर शाम को सतीश को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अन्य परिचालकों की भी जांच की जा रही है।