कांवड़ रूट पर चिह्नित होंगे धार्मिक स्थल
चरथावल। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले गांवों में धार्मिक स्थल, गुल्लर के पेड़ और भांग के पौधों के बारे में डाटा संकलित किया जा रहा है। थाना प्रभारी डीके त्यागी ने क्षेत्र के सैदपुर कलां, दधेडू खुर्द, नंगला राई और बिरालसी में पुलिस मित्रों की बैठक लेकर कांवड़ के दौरान सहयोग की अपील की।
सोमवार को बिरालसी गांव में पूर्व चेयरमैन सोमपाल सिंह और प्रधान के पति मोहन सिंह ने कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का सहयोग का भरोसा दिया। सैदपुर कलां और नंगला राई में ग्रामीणों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रोहाना-थानाभवन मार्ग वैकल्पिक मार्ग के रूप में प्रयोग किया जाता है। कसियारा तिराहे पर बड़ा गड्ढ़ा बन गया है। जिससे वाहनों के धंसने से जाम लग सकता है। इसके अलावा नंगला राई और अकबरगढ़ के बीच सड़क पूरी तरह गड्ढ़ों में तब्दील हो चुकी है, जो कांवड़ के भारी वाहनों का बोझ नहीं झेल पाएगी। लोगों ने कांवड़ से पहले ही सड़क के गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
हिंडन चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह नंगला राई प्रधान नफीस बाबा, पूर्व प्रधान लियाकत, फरमान कुल्हेड़ी, मुस्तकीम राइन मौजूद रहे। शाम को एसएचओ ने थाने में एसपीओ की बैठक लेकर कांवड़ यात्रा के संबंध में बातचीत की। मनीष गर्ग, पपनी कंसल, आरिफ त्यागी, शहजाद मौजूद रहे। दधेडू मीटिंग में इंस्पेक्टर ने कहा कि सोशल मीडिया अथवा किसी भी तरीके से अफवाह फैलाने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।