ग्लास पेंटिंग का दिया प्रशिक्षण
मुजफ्फरनगर। राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ के तत्वावधान में सरकुर रोड पर किरन आर्ट एकेडमी में चल रहे कला शिविर में विद्यार्थियों को ग्लास पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञ अमरीश कुमार ने ग्लास पेंटिंग की बारीकियां समझाई।
कला अध्यापक अमरीश कुमार ने बताया कि ग्लास पेंटिंग का अपना महत्व है। उन्होंने कांच पर पड़ते प्रकाश को रंगों द्वारा नियंत्रित कर कला रूपों में सौंदर्य बिखेरा, जो अनूठा रहा। कांच पर फेब्रिक ग्ल्यू से नयनाभिराम कृष्ण की रचना की। ग्लास पर मंद गति से चलता मोर सभी को आकृष्ट करता रहा। ग्लास के स्थान पर ओएचपी सीट का प्रयोग भी किया, जो बच्चों के लिए काम करने में अधिक सुरक्षित है। ओएचपी शीट पर फूलों का गुच्छा, रंगोली, तितली आदि भी बनाकर दिखाए। कार्यशाला के संयोजक डॉ. महावीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर कला के साथ बच्चों को शिक्षा दी जाए तो उनका मन पढ़ाई में ज्यादा लगेगा। बच्चे बीच में स्कूल भी नहीं छोड़ेंगे।