शहर कोतवाली के सिपाही सहित 11 पॉजिटिव मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली के एक सिपाही सहित 11 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में भर्ती कराया गया है। दो कोरोना मरीज ठीक होकर अपने घर भी लौटे हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को 302 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 11 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें शहर कोतवाली पुलिस का एक सिपाही भी शामिल हैं। इसके अलावा गांधी कॉलोनी में तीन, अग्रसेन विहार, कूकड़ा, कृष्णा विहार, विद्युत विभाग नगर पालिका परिसर तथा खतौली का एक-एक एवं शहर के पटेलनगर निवासी दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दो मरीजों को ठीक होने पर कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जिले में अब तक कोरोना के 383 मामले मिल चुके हैं जबकि सक्रिय मामले 105 हैं। 278 लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं जबकि 16 लोग कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।
दो दिन बाद खुला पालिका कार्यालय
नगर पालिका कार्यालय दो दिन बाद खोला गया। पालिका की बिल्डिंग में संचालित विद्युत विभाग कार्यालय में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद 48 घंटे के लिए कार्यालय को बंद कर दिया गया था। पूरे कार्यालय को सैनिटाइज किया गया। बृहस्पतिवार को कार्यालय खोला गया।