डीएम ने निरीक्षण कर परखी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था
मुजफ्फरनगर। डीएम अजय शंकर पांडेय ने नवीन मंडी स्थल पर ईवीएम के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को देखा। ईवीएम की सुरक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूमों, कैमरों व ईवीएम की सुरक्षा में लगाई गई फोर्स का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण जारी रहेगा। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कंट्रोल रूम में स्थापित कैमरों की लाइव रिकार्डिंग का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगे कैमरे 24 घंटे रिकार्डिंग कर रहे हैं। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र, डिप्टी कलक्टर कुमार भूपेंद्र आदि रहे। नवीन मंडी स्थल पर एक तरफ जिला प्रशासन ने अर्द्धसैनिक बलों को ईवीएम की सुरक्षा के लिए लगा रखा है। वहीं, रालोद कार्यकर्ताओं का ईवीएम की सुरक्षा पर पहरा लगातार जारी है। पहरे पर रालोद, बसपा और सपा नेता जमे हुए हैं। इस मौके पर रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, बसपा के जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया, रालोद प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक चौधरी, छात्र लोकदल के जिलाध्यक्ष पराग चौधरी, जयवीर ठाकरान, शाहिद आलम, रविंद्र, अश्वनी चौधरी, गज्जू पठान, नईम त्यागी, हुसैन मलिक, आलम खान, भगत सिंह, मेजर सिंह आदि उपस्थित रहे।