अजित सिंह नौ मार्च को करेंगे जनसंवाद
मुजफ्फरनगर। रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह नौ मार्च को सपा, बसपा और रालोद नेताओं के साथ जनसंवाद कर लोकसभा चुनाव का आगाज करेंगे। गठबंधन की घोषणा के बाद यह उनका पहला कार्यक्रम है। जिले में रालोद और भाजपा के बीच बड़ा मुकाबला होने के आसार हैं।
सपा-बसपा के साथ रालोद के विधिवत गठबंधन की लखनऊ में घोषणा हो चुकी है। मुजफ्फरनगर, बागपत और मथुरा लोकसभा सीट रालोद के खाते में गई हैं। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से चौधरी अजित सिंह का लड़ना लगभग फाइनल हो गया है। बीजेपी पहले से ही चुनाव की तैयारियों में जुटी है, इसे देखते हुए चौधरी अजित सिंह ने भी आगाज कर दिया है। अपनी पहली बैठक में वह सपा, बसपा के नेताओं से सीधी बात करेंगे। चुनाव में उनसे सहयोग मांगेंगे। गठबंधन धर्म निभाने की बात जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से होगी। इन्हीं के साथ रालोद के पदाधिकारियों से भी संवाद होगा। कार्यक्रम कूकड़ा चौराहे के एक बैंक्वेट हाल में रखा गया है। रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने बताया कि चौधरी अजित सिंह दिन में 11 बजे कार्यक्रम में पहुंच जाएंगे।