मानवाधिकार की टीम ने की पूछताछ
खतौली। मानवाधिकार आयोग की टीम मृतक बालक के परिजनों से पूछताछ करने पहुंची। उनके चार साल के बालक का शव गंगनहर में पड़ा मिला था। परिजन उसी दिन से बालक की हत्या करके शव को गंगनहर में फेंकने की आशंका जताई थी।
मोहल्ला देवीदास निवासी नईम का चार साल का पुत्र फैज 24 अक्तूबर की शाम चार बजे के करीब घर से अचानक लापता हो गया था। करीब आधा घंटे बाद ही फैज का शव गंगनहर में पड़ा मिला था। बालक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया था। परिजनों ने बालक की हत्या कर शव को गंगनहर में फेंकने की आशंका जताई थी। पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई थी। शुक्रवार को मानवाधिकार आयोग की टीम पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए उनके घर पर पहुंची। टीम ने बालक के मौत के बारे में परिजनों से पूछताछ की। टीम ने पीड़ित परिजनों को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद टीम वापस लौट गई।