भाकियू का नौ को महापंचायत का एलान
चरथावल। किसानों ने बिरालसी नहर से लालूखेड़ी तक सड़क के चौड़ीकरण के लिए किसानों की जमीन को दबाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई गई। भाकियू के बैनरतले आयोजित बैठक में किसानों ने नौ जुलाई को प्रभावित 15 गांवों की एक बड़ी पंचायत करने की घोषणा की।
बृहस्पतिवार को गांव के प्राइमरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित भाकियू की पंचायत में किसान लोकनिर्माण विभाग द्वारा बिरालसी से लालूखेड़ी तक सड़क के चौड़ीकरण में किसानों की जमीन सड़क में मिलाने का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि विभाग ने बिना नापतौल किए उनके खेतों के किनारे सड़क में मिलाकर निर्माण शुरू कर दिया। बिना मुआवजे को जमीन खेतों में मिलाने पर किसानों ने एतराज जताया। ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि उन्होंने एसडीएम सदर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को समस्या से अवगत करा दिया है। किसानों की समस्या का समाधान नहीं होने पर नौ जुलाई को बिरालसी पुलिस चौकी पर 15 प्रभावित गांवों के किसानों की एक महापंचायत करने का एलान कर दिया। जनक सिंह की अध्यक्षता और परमाल सिंह के संचालन में सोमपाल मास्टर, सुरेश शर्मा, अमर सिंह, सुनिल कुमार, भीम सिंह, अवनीश कुमार, दीपक भारद्वाज, चरथावल अध्यक्ष अभिषेक बंसल मौजूद रहे।