सेनेटरी के गोदाम में भीषण आग लगी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के पुरानी गुड़ मंडी रोड स्थित सेनेटरी के गोदाम में बृहस्पतिवार दोपहर भीषण आग लग गई। दमकल की तीन वाहनों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने आग से लाखों के नुकसान की आशंका जताई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पुरानी गुड़ मंडी रोड निवासी अभिषेक कुच्छल का इसी रोड पर सेनेटरी का गोदाम बना हुआ है। उक्त गोदाम में अभिषेक का लाखों कीमत का सेनेटरी का माल रखा जाता है, जिसमें बृहस्पतिवार दोपहर के समय किन्हीं कारणों से आग लग गई। सेनेटरी के सामान के पुआल में पैक होकर आने के चलते जल्द ही आग काबू से बाहर हो गई, जिसने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, जिस पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया। पीड़ित कारोबारी के अनुसार, आग से उन्हें लाखों का नुकसान है, जिसका फिलहाल आंकलन नहीं हो सका है। उधर, दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने के पीछे बिजली का शॉर्ट सर्किट वजह हो सकता है।
एनजीओ संचालिका से बदसलूकी, धमकी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी सुनीता मलिक ने तहरीर देकर बताया कि वह भाजपा कार्यकर्ता होने के साथ ही एनजीओ भी चलाती है। महिला के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व उनके पास सहारनपुर के मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल में पढऩे वाली 15 से अधिक छात्राओं की कॉल आई थी। उक्त छात्राओं ने स्कूल प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह राणा व उनकी बेटी पलक राणा पर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए मदद की गुहार लगाई थी। इस पर सुनीता मलिक ने बच्चियों की मदद करते हुए उन्हें दूसरे स्कूल में स्थानांतरित करा दिया था। सुनीता के अनुसार इसके चलते स्कूल प्रधानाचार्य काफी क्षुब्ध था, जिसके चलते उसने व उसकी बेटी ने लगातार उनके मोबाइल पर कॉल कर गाली-गलौज करते हुए धमकियां देना शुरू कर दिया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।