मुजफ्फरनगर। नेहरू युवा केंद्र के तीन दिवसीय शिविर के समापन के अवसर डीडीओ मोती लाल व्यास ने कहा कि युवा कौशल विकास मिशन के माध्यम से बेहतर भविष्य बना सकते हैं। युवा नेतृत्व और सामुदायिक विकास प्रशिक्षण शिविर में व्यास ने कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से हम जीवन में आगे बढ सकते हैं। राज्य प्रशिक्षक प्रमोद चौधरी ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता पैदा करने के बारे में बताया। डायट में चलने वाले इस कार्यक्रम को गन्ना वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश वशिष्ठ ने भी संबोधित किया। दीपक कुमार, धर्मेंद्र कुमार, प्रवीण बालियान, नीतिन कुमार, पूजा, सुनीता, अजय, यशपाल, हरीश आदि का सहयोग रहा।
शोभायात्रा में गंदगी न फैलायें: अंजू
मुजफ्फरनगर। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने बालाजी यात्रा के दौरान लगने वाले स्टाल में प्लास्टिक और थर्माकोल का प्रयोग न करने की अपील की है। प्लेट, पत्तल, गिलास आदि को नाली और नालों में न डालने और मिट्टी एवं कागजों से बनी वस्तुओं का प्रयोग करने पर जोर दिया। पंडाल लगाने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वह प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल का प्रयोग न करें।
बुढ़ाना के सीमा विस्तार की मांग
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना निवासी अधिवक्ता एहतशाम सिद्दीकी ने नगर पंचायत बुढ़ाना के सीमा विस्तार की मांग की है। उनका कहना है कि वह 11 अप्रैल 2013 से लगातार इस मांग को उठा रहे है। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में यह भी कहा कि शफीपुर पट्टी को बुढ़ाना में मिलाया जाना चाहिए।
शौचालय घोटाले में जांच बैठी
मुजफ्फरनगर। महरायपुर गांव में शौचालय घोटाले की शिकायत पर डीएम राजीव शर्मा ने जांच बैठा दी है। विजय पाल की शिकायत पर डीएम ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया और डीपीआरओ एवं बीडीओ को समिति में सदस्य बनाया गया।