खतौली/रतनपुरी।
गंगधाड़ी की साधन सहकारी समिति लिमिटेड में शनिवार को संचालक पद के लिए 19 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें चार वार्ड से एक-एक नामांकन पत्र जमा होने से उन प्रत्याशियों का निर्विरोध संचालक बना तय है।
गांव फुलत की किसान सेवा सहकारी समिति में 16 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पमनावली समिति में 19 नामांकन पत्र, किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड बडसू में नामांकन प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी ओमकुमार एवं समिति के प्रबंध निदेशक तथा एडीओ विनय कुमार की देखरेख में नामांकन पत्रों के जमा करने की प्रक्रिया संपन्न हुई। एडीओ विनय कुमार ने बताया कि समिति के कुल नौ संचालक पदों हेतु नामांकन किए गए। इनमें से पांच संचालक पदों हेतु केवल एक एक ही उम्मीदवार ने नामांकन किया, जिनमें सिकंदरपुर वार्ड दो से कमलेश पत्नी राजपाल, मुजाहिदपुर वार्ड एक से यशपाल पुत्र मनवीर एवं वार्ड दो से सतेंद्र पुत्र कंवरपाल, भूपखेड़ी से अनोज पुत्र राजकुमार, और समौली से गुलाब पुत्र प्रेम सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इन पांच संचालकों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। अब बड़सू वार्ड एक एवं वार्ड दो, सिकंदरपुर वार्ड एक और इंचौली-रतनपुरी से एक संचालक पद हेतु ही मतदान होगा। एडीओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश सहकारी समितियों के निर्वाचन के कार्यक्रम के तहत 20 जनवरी को नामांकन, 22 जनवरी को नामांकनों पत्रों की जांच, 23 जनवरी को नाम वापसी एवं 23 जनवरी को ही दोपहर बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। इसके पश्चात 29 जनवरी को प्रात: नौ बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। 29 जनवरी को मतदान समाप्ति के बाद की मतगणना की जाएगी। इसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद 30 जनवरी को सभापति, उपसभापति एवं अन्य प्रतिनिधियों के लिए मतदान होगा। जिसका परिणाम 30 जनवरी को ही घोषित किया जाएगा।