मुजफ्फरनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद जिले के 18 केंद्रों पर परीक्षा बीच में ही रोक दी गई। परीक्षा केंद्रों से 10 हजार अभ्यर्थी मायूस होकर वापस लौटे। परीक्षा नहीं कराए जाने पर नाराजगी भी जाहिर की गई।
पहली पाली में प्राइमरी स्तर की परीक्षा देने के लिए सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शहर के 18 केंद्रों पर 11074 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। छह सदस्यों की कमेटी की मौजूदगी में प्रश्रपत्र खोला गया। परीक्षा सही समय पर शुरू हुई। लेकिन प्रश्नपत्र लीक की जानकारी मिलने के बाद विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर करीब डेढ़ घंटे बाद उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र वापस ले लिया गया। परीक्षा में करीब 10 अभ्यर्थी शामिल होने पहुंच गए थे।
उत्तर पुस्तिका ली तो धड़क गया दिल
अपने-अपने कक्ष में सवालों की गुत्थियां सुलझा रहे अभ्यर्थियों से कक्ष निरीक्षकों ने उत्तर पुस्तिका वापस लेनी शुरू कर दी। पहले अभ्यर्थी कुछ समझ नहीं पाए। लेकिन इसके बाद कक्ष निरीक्षकों और सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत अन्य अधिकारियों ने समझाया कि प्रश्नपत्र लीक का मामला है और अधिकारियों के निर्देश पर परीक्षा रोक देनी पड़ी है।
अभ्यर्थियों को नाराजगी भांप गया प्रशासन
परीक्षा रोक देने के बाद अभ्यर्थी नाराज थे। पुलिस-प्रशासन को यह खतरा हो गया कि अभ्यर्थी शहर में या किसी परीक्षा केंद्र पर हंगामा कर सकते हैं। ऐसे में प्रशासन ने प्रत्येक केंद्र से अलग-अलग समय पर अभ्यर्थियों को जानकारी देकर बाहर निकाला। जिससे भीड़ नहीं जुट सकी और अभ्यर्थी निराश होकर अपने घर लौट गए।
आसान प्रश्नपत्र देखकर खिल गए थे चेहरे
प्रश्नपत्र बेहद आसान था और अभ्यर्थियों के चेहरे खिल गए थे। लेकिन एकाएक प्रश्नपत्र लीक की सूचना ने अभ्यर्थियों को निराश कर दिया।
इन केंद्रों पर शुरू हो गई थी परीक्षा
राजकीय इंटर कॉलेज, एसडी डिग्री भोपा रोड, डीएवी इंटर ब्लॉक ए व ब्लॉक बी, एसडी इंटर ब्लॉक ए व ब्लॉक बी, चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज, जैन इंटर कॉलेज, दीपचंद ग्रेन चैंबर, इस्लामिया इंटर कॉलेज, एसडी गल्र्स इंटर कॉलेज गांधी कॉलोनी, नगरपालिका इंटर कॉलेज, वैदिक पुत्री पाठशाला, जैन गल्र्स इंटर कॉलेज, नवाब अजमत गल्र्स इंटर कॉलेज, भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर, भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर, लाला जगदीश प्रसाद ब्लॉक ए व ब्लॉक बी, एसडी पब्लिक भोपा रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, द एसडी पब्लिक इंटर कॉलेज द्वारका पर परीक्षा आयोजित होगी।
किसने क्या कहा
- परीक्षा देने पहुंची मोनी ने कहा कि सरकार को कड़े इंतजाम करने चाहिए। पेपर रद्द होने से बेहद मायूसी की स्थिति है।
- अभ्यर्थी मोहम्मद शाकिब ने कहा कि प्रश्रपत्र आसान था। उन्हें बेहद निराशा हुई है। सरकार को कड़ी व्यवस्था बनानी चाहिए।
- अभ्यर्थी गुंजन शर्मा ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक होने का नुकसान परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को हुआ है। महीनों से तैयारी में जुटे थे।
- परीक्षा कक्ष से बाहर निकली पूनम ने कहा कि शिक्षा विभाग को गंभीरता से परीक्षा कराने की तैयारी करनी चाहिए। हर साल कोई न कोई ऐसा मामल सामने आ जाता है।
- अभ्यर्थी मोनिका ने कहा कि प्रश्रपत्र आसान था। परीक्षा निरस्त हो जाने के कारण वह बेहद परेशान है। अच्छी तैयारी थी।
रास्ते से लौटे दूसरी पाली के अभ्यर्थी
परीक्षा रदद हो जाने के बाद दूसरी पाली के लिए अभ्यर्थियों को भी मुश्किलें झेलनी पड़ी। अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए रास्ते में थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि परीक्षा कैंसिल हो गई है। अधिकारियों को फोन मिलाए गए। कुछ परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच भी गए, बाद में वह निराश होकर लौटे।
सामान रखने की एवज में ले लिए 20-20 रुपये, हंगामा
शहर के इस्लामिया इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों का सामान रखने की एवज में 20-20 रुपये ले लिए गए। इस पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा कर दिया। मामले की शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट तक पहुंची। उन्होंने अभ्यर्थियों के रुपये वापस कराए तो मामला किसी तरह शांत हुआ।