रैली को लेकर एक बार फिर मोदी और मुलायम में मुकाबला होगा। दरअसल, भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली में भीड़ जुटाने की चुनौती नेताजी (मुलायम सिंह) ने कबूल कर ली है।
तीन अप्रैल को नेता जी की रैली शिकारपुर तिराहे पर नयागांव के उसी मैदान में होगी, जहां 26 मार्च को नरेंद्र मोदी ने सभा की थी।
पहले चरण में नरेंद्र मोदी की रैलियों का जवाब रैली से देने वाले सपा मुखिया ने यहां भी वही रणनीति अपनाई है। सपा मुख्यालय से तीन अप्रैल का बुलंदशहर रैली का कार्यक्रम तय कर दिया है।
नयागंव के मैदान में मोदी की रैली में भारी भीड़ जुटी थी। हालांकि खुफिया विभाग ने तादाद 36 हजार आंकी थी। इस रैली को सभी दल अपनी रैली का मानक मान रहे थे। जयंत चौधरी, अखिलेश यादव जिले में सभा कर चुके लेकिन रिकार्ड नहीं तोड़ सके।
मुलायम सिंह की सभा का स्थान मोदी के सभास्थल को चुने जाने के पीछे सपा की खास रणनीति मानी जा रही है। प्रचार में भी वह मोदी को टक्कर देकर जनता में अपनी ताकत का अहसास कराना चाहते हैं।