मुरादाबाद जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा गवां में तांत्रिक के संपर्क में आई एक मां कुमाता बन गई।
उसने अपने ही जिगर के टुकड़े, आठ वर्षीय पुत्र को दुपट्टे से गला घोंटकर हमेशा-हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। पुलिस कह रही है कि महिला मानसिक रूप से बीमार है जबकि पड़ोसी दबी जुबान से कह रहे हैं महिला किसी तांत्रिक के संपर्क में थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेजा जा रहा है। परिजनों ने घटना की तहरीर दी है। जिसमें महिला को मानसिक रूप से बीमार बताया है।
दिल दहलाने वाली यह घटना सोमवार की शाम करीब पांच बजे गवां संभल रोड पर टीटू उर्फ दिनेश के घर हुई। उसकी पत्नी ममता उर्फ मधु ने घर का दरवाजा अंदर से बंदकर मंझले पुत्र आठ वर्षीय हिमांशु को पकड़ लिया और अपने दुपट्टे से उसका गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।
बच्चे की चीख सुनकर पड़ोस का एक व्यक्ति उसे बचाने के लिए छत से घर में उतरा। लेकिन तब तक बच्चे ने दम तोड़ दिया था।
घटना के समय सिर्फ हिमांशु और उसकी मां ही घर में मौजूद थीं। बच्चे का पिता टीटू रोजाना की तरह दुकानों पर परचून के सामान सप्लाई देने गया हुआ था।
जबकि महिला का बड़ा पुत्र दीपांशु (11) वर्षीय ट्यूशन पढ़ने गया था। छोटा पुत्र चाहत (6) वर्षीय इन दिनों अपनी ननिहाल गया है।
पड़ोसियों से घटना की सूचना पर रजपुरा एसओ कश्मीर सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनका कहना है कि महिला मानसिक रूप से बीमार है।
मुरादाबाद के एक मनोरोग चिकित्सक के वहां उसका इलाज चल रहा था। महिला घटना के बारे में कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। वह कुछ भी बोल नहीं पा रही है।