संभल के जिला अस्पताल में बदमाशों की गोली लगने से घायल युवक से जानकारी करती कोतवाली पुलिस।
- फोटो : SAMBHAL
सौंधन(संभल)। कैला देवी थाना क्षेत्र में लूटपाट का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। बदमाश युवक की बाइक और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और आननफानन घायल को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर भंडी निवासी गुड्डू पुत्र रामेश्वर मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। वह अमरोहा जिले के थाना आदमपुर अंतर्गत गांव ढबारसी में दुकान चलाता है। हर रोज की तरह बुधवार को दुकान पर गया था। शाम को उसे सौंधन से अपनी मौसी को साथ लेकर घर जाना था, इसलिए वह सौंधन होकर निकला, लेकिन मौसी किसी सवारी से घर चली गईं। जिसके बाद वह अकेला ही घर लौट रहा था।
रात में करीब आठ बजे मिलक सौंधन के पास जैसे ही वह घर जाने वाले मार्ग पर पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। गनप्वाइंट पर लेकर उससे बाइक लूटनी चाही लेकिन उसने विरोध किया तो बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। गोली सीने से सटाकर मारी गई, जो शरीर के अंदर फंस गई है। बाद में बदमाश बाइक लूटकर भाग गए। घायल अवस्था में ही गुड्डू ने अपने मामा के बेटे को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और आननफानन उसे संभल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
गुड्डू के भाई ओमकार ने बताया कि गुड्डू की जेब में दस हजार रुपये भी थे, उन्हें भी बदमाशों ने लूट लिया है। वहीं, लूट और गोली मारने की सूचना पर पुलिस में खलबली मच गई। हयातनगर थाना प्रभारी राजेश सोलंकी और कोतवाल पंकज लवानिया भी जिला अस्पताल पहुंच गए। इसके अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह और थाना प्रभारी संदीप कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया है।
लूट के दौरान युवक को गोली मारने की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर है और जांच पड़ताल की जा रही है। युवक को अस्पताल भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल