मुरादाबाद। सीएम योगी के जाने के चंद घंटे बाद ही लाइनपार के चिड़िया टोला में चार माह पूर्व हुए विवाद में सोमवार सरेशाम 22 वर्षीय प्रिंस चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह दोस्त से रुपये लेने की बात कहकर घर से निकला था। गुस्साए परिजनों ने साईं अस्पताल के सामने लोकोशेड पुल पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे दिल्ली रोड पर जाम लग गया। इस बीच प्रिंस के पिता की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर चले गए। तब जाकर लोकोशेड पुल का जाम खुल सका।
लाइनपार रामेश्वर कॉलोनी निवासी प्रिंस चौहान बिजली निगम में संविदा पर चालक था। परिजनों के मुताबिक वह सोमवार शाम दोस्त से रुपये लेने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ देर बाद ही परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली। परिजन फौरन चिड़िया टोला पहुंचे और बेटे को कार में डालकर साईं अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहां, डॉक्टर ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने साईं अस्पताल के सामने लोकोशेड पुल पर जाम लगा दिया। शव सड़क पर रखकर परिवार वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग और प्रदर्शन करने लगे। देर तक वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को हटाकर शव को एंबुलेंस में रखा और पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
इस पर परिजन और गुस्से में आ गए उन्होंने दोबारा सड़क जाम कर दी। शव को वापस लाने की मांग करने लगे। इस बात को लेकर रात 10:45 बजे तक लोकोशेड पुल पर हंगामा चला। इस दौरान मृतक के परिजनों ने तीन बार सड़क जाम की। परिजन बार-बार पुलिस पर लापरवाही बरतने और उनकी बात न सुनने का आरोप लगाते रहे। इस दौरान मौके पर सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता, मझोला थाना और सिविल लाइंस थाना प्रभारी उन्हें समझाने में लगे रहे।
00
रक्षाबंधन पर हुआ था लाइनपार के लड़कों से झगड़ा, दो माह से है विवाद
मृतक के बड़े भाई पवन चौहान ने बताया कि दो माह पहले भाईदूज पर लाइनपार में चिड़िया टोला क्षेत्र के लड़कों से प्रिंस का झगड़ा हुथा था। झगड़ा किसी और का था लेकिन प्रिंस उसके साथ खड़ा था, इसलिए उसे भी पीटा गया। पीटने के बाद आरोपियों ने प्रिंस के पास तमंचा रख दिया और पुलिस बुला ली। उसे मारपीट करने और तमंचा रखने के आरोप में फंसाया। तब पुलिस चौकी से विवाद खत्म हो गया लेकिन वह लड़के लगातार प्रिंस को जान से मारने की धमकी देते थे। मृतक के पिता ने कहा कि आखिरकार आरोपियों ने उनका बेटा छीन लिया।
00
मां का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप
22 साल के बेटे को खोने के बाद मां मिथलेश देवी रो-रोकर बदहवास हो गईं। उन्होंने सड़क पर रोडवेज बस के आगे लेटकर खुद को खत्म करने की कोशिश की। परिजनों व पुलिस के जवानों ने दौड़कर उन्हें रोका। मिथलेश का आरोप है कि दो माह पहले जब झगड़ा हुआ था तो पुलिस ने विवाद खत्म कराने के लिए 80 हजार रुपये लिए थे। उसके बाद से दूसरा पक्ष लगातार बेटे को धमकी देता था लेकिन पुलिस ने शिकायत के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस यदि गंभीरता से लेती तो उनके बेटे की जान न जाती और आरोपी जेल में होते।
00
पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। घटना के वक्त मौके पर मौजूद एक युवक को हिरासत में लिया गया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि वह गोली मारने वाले युवक के साथ था। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
- कुलदीप गुप्ता, सीओ, सिविल लाइंस