दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ ले रहे समीक्षा बैठक के दौरान मिलने
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने सर्किट हाउस पहुंची भोजपुर क्षेत्र की दो महिलाएं गश खाकर सड़क पर गिर गईं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि किशोरी से छेड़खानी और मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। महिलाएं एक दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा किया। बाद में महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों महिलाओं को मझोला थाने भेज दिया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को छोड़ दिया।
मुख्यमंत्री सोमवार दोपहर सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस बीच भोजपुर क्षेत्र की रहने वाली महिलाएं बच्चों के साथ सीएम से मिलने सर्किट हाउस के गेट पर पहुंच गईं। पुलिसकर्मियों ने रोककर महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी। दोनों महिलाएं मुख्यमंत्री से मिलने की जिद पर अड़ गईं। उन्होंने बताया कि किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यमंत्री से मिलना चाहती हैं। पुलिस ने उन्हें रोका तो महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच किशोरी की मां गश खाकर सड़क पर गिर गई। एक महिला भी उसके बगल में ही लेट गई। सीओ के निर्देश पर सर्किट हाउस के अंदर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने आकर दोनों महिलाओं को उठाया और उन्हें गाड़ी से मझोला थाने ले गईं।
पुलिस के सामने एक महिला ने बताया कि 16 अक्तूबर को उसकी नाबालिग बेटी को गांव के ही पांच युवकों ने समोसा खिलाने का झांसा देकर घर से बुला लिया। युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। किसी तरह लड़की आरोपियों के चंगुल से छूट कर अपने घर पहुंच गई। आरोप है कि परिजनों ने कॉल कर पुलिस को बुलाया। फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कुछ देर बाद आरोपियों ने पीड़िता के घर में घुसकर मारपीट की। महिला का कहना है कि इस मामले में उसने मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत की। इसके बाद भोजपुर पुलिस ने 27 नवंबर को 10 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत करने पर दरोगा ने उसे भगा दिया था। पुलिस ने थाने में पूछताछ के बाद दोनों महिलाओं को छोड़ दिया। इस बारे में एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि जांच कर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
00
पुलिस के फूले हाथ पांव, सीओ और इंस्पेक्टर में हुई बहस
सर्किट हाउस के गेट के पास दो महिलाओं के लेट जाने से पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सीओ वरुण सिंह ने एक इंस्पेक्टर को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस बीच इंस्पेक्टर ने कहा कि वह महिलाओं को हाथ नहीं लगा सकता है। इस कार्रवाई के लिए महिला पुलिस चाहिए। जिसे लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। किसी तरह सर्किट हाउस के अंदर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को बुलाकर दोनों को मझोला थाने भेजा गया।