मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कार रहे युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक वीरपाल उर्फ वीरू (35) रामपुर सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के कृष्णा कालोनी निवास था। शुक्रवार सुबह वह जगतपुर रिश्तेदारी में जा रहा था। वह दलपलपुर छपरा मोड़ के पास बस से उतरा इसके बाद वह सड़क पार करने लगा। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर दलपलपुर पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार मौके पर पहुंच गए और शव कब्जे में ले लिया। मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड और मोबाइल के जरिये उसकी पहचान कराई और परिजनों को सूचना दी। नगर पुलिस अधीक्षक अमित आनंद ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है। कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।