मुरादाबाद। पाकबड़ा के गांव समाथल में रविवार की रात प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे गांव निवासी अयान (19) की हत्या कर दी गई। रात करीब पौने दो बजे परिजन पुलिस के साथ प्रेमिका के घर पहुंचे तो शव चारपाई पर पड़ा मिला और युवक की प्रेमिका व उसके परिजन गायब थे।
पुलिस ने मृतक के पिता आसिफ की तहरीर पर प्रेमिका रूबीना, उसके पिता रहीस और मां बानो के खिलाफ गला घोंटकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। साथ ही हाथ, माथे और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के अनुसार, अमरोहा के डिडौली निवासी आसिफ करीब छह साल पहले पाकबड़ा के समाथल गांव में परिवार के साथ बस गए थे। आसिफ केरल में सैलून चलाते हैं। उनका बड़ा बेटा अयान भी पिता के साथ केरल में सैलून पर काम करता था। करीब माह पहले अयान घर आया था।
आसिफ ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम करीब छह बजे अयान घर से बाहर गया था लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। कॉल करने पर मोबाइल बंद आने पर उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। बताया कि तलाश के दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि अयान का करीब दो साल से गांव निवासी रहीस की बेटी रूबीना से प्रेम-प्रसंग चल रहा है और उन्होंने अयान को रूबीना के घर जाते देखा है।
बेटे के प्रेम-प्रसंग की जानकारी होने पर आसिफ ने डायल 112 पुलिस को बुला लिया और रहीस के घर पहुंचे। जहां पर अयान का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उसके गले पर चोट के निशान भी थे, जबकि उसकी प्रेमिका रूबीना, उसकी मां बानो और पिता रहीस गायब थे। युवक का शव मिलने की जानकारी मिलने पर पाकबड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार, सीओ हाईवे वरुण कुमार और एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम बुला ली। घर की तलाशी के दौरान बरामदे में कुंडे में रस्सी का फंदा भी लटका मिला है।
तहरीर के आधार पर मृतक की प्रेमिका रूबीना, उसकी मां बानो व पिता रहीस के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। उसके हाथ, माथे और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -कुमार रण विजय सिंह, एसपी सिटी