मुरादाबाद में इस साल हत्यारोपियों में एनकाउंटर का खौफ दिखाई दिया। छह हत्याएं और एक दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने एनकाउंटर के खौफ में आकर सीधे थाने जाकर सरेंडर किया। जनपद के अलग-अलग थानाक्षेत्र में की गई इन वारदातों के अंजाम देने वाले आरोपियों ने थाने पहुंचकर कहा कि उन्हें अपना गुनाह कबूल है।
हमारा एनकाउंटर न किया जाए। भगतपुर थाना क्षेत्र के परशुपुरा बाजे गांव में 21 अक्तूबर की रात करीब तीन बजे निजी स्कूल के शिक्षक प्रशांत कुमार अपने सगे भतीजे वरुण कुमार उर्फ गोलू और उसकी सात माह की गर्भवती पत्नी बबीता की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी।
आरोपी ने मानपुर पुलिस चौकी पहुंचकर बताया कि वह अपने भतीजे और बहू की हत्या करके आया है। दोनों की लाशें घर में पड़ी हैं। मझोला थाना क्षेत्र के लोधीपुर बिशनपुर गांव में एक जुलाई 2023 की रात राज मिस्त्री ने अपने संगे भांजे की हत्या करने के बाद लाश ट्रैक पर फेंक दी थी।
इसके बाद मामा ने थाने पहुंचकर सरेंडर किया और कहा कि वह अपने भांजे की हत्या करके आया है। सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक में 22 जुलाई को शादाब नाम के युवक ने अपने भाई फाकिर की घरेलू विवाद में पीट पीटकर हत्या कर दी थी। उसने थाने पहुंचकर कबूल किया था कि वह अपने भाई की हत्या करके आया है।
डिलारी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर मुंडा गांव में साबिर हुसैन की गंडासे से हमलाकर हत्या करने के बाद मो. नबी ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया था। इस हत्याकांड को ग्राम प्रधान के चुनाव की रंजिश में अंजाम दिया गया था। 28 सितंबर को मझोला के जयंतीपुर में पश्चिम बंगाल निवासी रियाजुल की हत्या करने वाले जमाल उर्फ रोमी ने तीन घंटे बाद ही गलशहीद थाने में पहुंचकर सरेंडर कर दिया था। उसने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। आरोपी ने खुद ही तमंचा भी बरामद करा दिया था।
कोतवाली क्षेत्र के ठठेरा मोहल्ला में नौ अक्तूबर को संपत्ति विवाद में चाकू से हमला करने के बाद कारखाना संचालक की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आरोपी सलमान उर्फ शानू ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था।
29 अक्तूबर को मैनाठेर थाना क्षेत्र तख्पपुर अल्ला उर्फ नानकार में दिल्ली के ऑटो चालक अशरफ उर्फ गुड्डू (32) की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद साले मारूफ ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया था। आरोपी ने कहा था कि अशरफ उर्फ गुड्डृ उसका साला है। वह नौ साल पहले मेरी बहन को भगा ले गया था। इसके बाद से वह बहन और उसके पति से नाराज था।