मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने देवर पर दुष्कर्म करने और पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी देवर और पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि पांच साल पहले उसका निकाह मझोला क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि पति, ससुर, सास, ननद और देवर शादी में मिले दहेज से नाखुश थे। महिला ने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब सात बजे वह घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान देवर कमरे में घुस आया। आरोप है कि आरोपी देवर ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने इस मामले की शिकायत अपनी सास से की, तब सास ने भी उसे ही बुरा भला कहा। जिसके बाद पीड़ित महिला मायके चली गई थी। पीड़िता ने बताया कि एक सितंबर को वह पिता और भाई को लेकर ससुराल गई थी। वहां ससुरालियों ने दरवाजे पर ही उसे रोक लिया। इस दौरान आरोपी पति ने महिला को तीन तलाक दे दिया। एसएसपी बबलू कुमार ने महिला थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।