मुरादाबाद शहर की पॉश कालोनियों के बाद अब लुटेरा बाइकर्स गैंग हाईवे पर दौड़ते वाहनों पर सवार महिलाओं निशाना बनाने लगा है। बुधवार को ऐसी ही एक दुस्साहसिक वारदात दिल्ली लखनऊ हाईवे पर दलपतपुर पुलिस चौकी के ठीक सामने घटी। यहां बाइकर्स गैंग के सदस्यों ने झपट्टा मारकर बाइक सवार एक महिला से कुंडल छीन लिए। इस घटना में अनियंत्रित होकर बाइक फिसल गई। जिसमें महिला और बाइक चला रहा उसका पति और दो मासूम बेटे घायल हो गए। चारों घायलों का घर पर ही उपचार चल रहा है।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के अक्का डिलारी निवासी हरिओम दलपतपुर स्थित डाक्टर के क्लीनिक पर कंपाउंडर हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर स्थित ज्वाला नगर में उनकी पत्नी उमा का मायका है। बुधवार को वह अपनी पत्नी उमा, दो बेटे आर्यन (8) और शौर्य (5) को साथ लेकर ज्वाला नगर गए थे। बुधवार रात करीब साढ़े आठ हरिओम पत्नी और बेटों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक अभी दलपतपुर पुलिस चौकी के ठीक सामने फ्लाईओवर से गुजर रही थी।
इसी दौरान पीछे से तेजी से एक बाइक आई, जिस पर दो बदमाश सवार थे। दंपती कुछ समझ पाते कि इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के दोनों कुंडल खींच लिए। इस छीनाझपट्टी में हरिओम की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी बीच बदमाश अपनी बाइक दौड़ाकर मुरादाबाद की ओर भाग निकले।
इस घटना में हरिओम, उमा और दोनों बेटे आर्यन, शौर्य घायल हो गए। इसके बाद हरिओम ने हिम्मत कर अपनी बाइक और पत्नी बच्चों को सड़क किनारे किया। इसके बाद कॉल कर परिजन मौके पर बुला लिए। परिजन चारों घायलों को निजी डाक्टर के अस्पताल ले गए और उपचार कराया। इसके बाद सभी घर चले गए। हरिओम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी घर आए थे, मगर पूछताछ करने के बाद चले गए। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।