कांठ। अपने देवर के साथ बाइक से मायके जा रही महिला को घने कोहरे के बीच ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका देवर मामूली रूप से चोटिल हो गया। मौके पर पहुंची छजलैट पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
थाना डिलारी क्षेत्र के गांव मुड़िया मोईनउद्दीन निवासी आशमा (46) पत्नी सखावत अली शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे थाना पाकबड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव हकीमपुर स्थित अपने मायके बाइक से देवर लियाकत अली के साथ जा रही थी। जब यह दोनों अगवानपुर पाकबड़ा बाईपास स्थित थाना छजलैट क्षेत्र के गांव गोपालपुर नत्थानंगला उर्फ कोकरपुर के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी आशमा की मौत हो गई। वहीं महिला का देवर लियाकत अली भी चोटिल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को चालक सहित पकड़ लिया। जानकारी मिलते ही छजलैट थानाध्यक्ष राम प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रक और चालक को भी हिरासत में ले लिया। घायल लियाकत ने हादसे की जानकारी फोन कॉल करके घर दी। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। छजलैट पुलिस ने लियाकत की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आशमा की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया है कि मृतक महिला छह बच्चों की मां थी।