मुरादाबाद। सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड से असंतुष्ट परिवार ने अब देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के सीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर सीबीआई से केस की जांच कराने की मांग की है। गार्ड की पत्नी का कहना है कि सभी आरोपियों का नारकोटेस्ट कराया जाए। ताकी सच सामने आ सके। महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि अगर कहीं उसकी सुनवाई नहीं होगी तो वह परिवार के साथ गांव से पलायन करने को मजबूर हो जाएगी।
भोजपुर थानाक्षेत्र के काफियाबाद गांव की राशन डीलर सुखलेश ने शनिवार को देश के पीएम और उत्तर प्रदेश के सीएम को भेजे गए प्रार्थना में बताया कि उसके पति सुरेंद्र सिंह सिक्योरिटी गार्ड थे। चार सितंबर की सुबह ड्यूटी से लौटते समय गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। महिला का दावा है कि पति ने मरने से पहले एक वीडियो में गोली मारने वालों के नाम बताए थे। इस मामले में चार नामजद समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने अगले ही दिन नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने वाला दावा किया था। उस वक्त पुलिस की ओर से बताया गया था कि राशन की दुकान और पंचायत चुनाव की रंजिश में सुरेंद्र की हत्या की गई थी। इसके बाद 22 सितंबर को पुलिस ने खुलासा किया है कि सुरेंद्र की हत्या करने वाले आरोपी दूसरे हैं। सुपारी देकर हत्या कराई गई है।
महिला ने बताया कि वह इस खुलासे से संतुष्ट नहीं है। महिला ने मांग की है कि इस केस की सीबीआई से जांच कराई जाए। इसके अलावा सभी आरोपियों का नारकोटेस्ट कराया जाए। महिला की मांग है कि जेल भेजे गए आरोपी विनीत और योगेश उर्फ रिंकू व नामजद आरोपियों के 3 व 4 सितंबर की मोबाइल कॉल डिटेल निकलवाई जाए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सुरेेंद्र की मौत से पूर्व वीडियो बयान और घटना के दूसरे दिन जेल भेजे गए नामजद आरोपी के वीडियो बयान की फोरेंसिक जांच भी कराई जाए।
महिला ने पीएम और सीएम के अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव, डीपीपी और एडीजी व डीआईजी को भी पत्र भेजे हैं। जिसमें महिला ने कहा कि अगर उसकी कहीं सुनवाई नहीं होगी तो वह गांव से परिवार संग पलायन करने को मजबूर हो जाएगी।