मुरादाबाद। डिस्ट्रिक्ट भट्ठा एसोसिएशन की बैठक रविवार को दिल्ली रोड स्थित एक बेंक्वेट हॉल में हुई। इसमें पदाधिकारियों ने जीएसटी और कोयले के दाम की अभूतपूर्व बढ़ोतरी पर चर्चा की। भट्ठा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि इतनी मंहगाई में वे अगले सीजन में भट्ठे संचालित नहीं करेंगे।
उन्होंने सरकार से जीएसटी पर अंकुश लगाने और सरकारी दरों पर कोयला उपलब्ध कराने की मांग की है। भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने जीएसटी की बढ़ोत्तरी व कोयले के दामों पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि भट्ठा स्वामियों ने निर्णय लिया है कि लगातार कोयले की किल्लत बनी रही तो अगले सीजन में सभी भट्ठा संचालक हड़ताल करेंगे। अध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश ईंट निर्माता समिति लखनऊ ने भी आगामी सीजन में पूरे प्रदेश में हड़ताल का फैसला लिया है। बैठक में एसोसिएशन के महामंत्री संजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष नवीन जैन, अनिल अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, हाजी मुर्तजा, हाजी रफी, हाजी शमीम, हाजी वाजिद अंसारी, आशीष आदि मौजूद रहे।