कांठ। क्षेत्र के कई गांवों और जंगलों में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों और राहगीरों में डर है। तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे और ड्रोन की व्यवस्था किए जाने की मांग वन विभाग से की गई है।
नगर पंचायत उमरी कलां निवासी समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अतीकुर्रहमान ने वन विभाग के अधिकारियों को दिए पत्र में बताया कि ग्राम आविदपुरा चकता, जमना आजम, काजीपुरा, हरिनूरपुर, उमरी कलां के जंगलों में तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी फैक्टरी और भट्ठे के आसपास भी तेंदुए की मौजूदगी देखे जाने का दावा किया है। उन्होंने पत्र में कहा कि जंगल की ओर जाने वाले ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों में तेंदुओं को लेकर भय बना हुआ है। उन्होंने पत्र में संबंधित गांवों और उमरी कलां क्षेत्र के जंगलों में तेंदुओं की निगरानी के लिए ड्रोन से सर्वे कराने और उन्हें पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाने की मांग की। जिला उपाध्यक्ष अतीकुर्रहमान ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।