बिलारी। राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन और खंडुआ रेलवे क्रॉसिंग के बीच मुरादाबाद चंदौसी रेलवे लाइन पर बृहस्पतिवार सुबह एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात ग्रामीण की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 11 बजे मुरादाबाद से चंदौसी जा रही ऊना हिमाचल एक्सप्रेस जैसे ही सहसपुर रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी, तभी अचानक एक ग्रामीण ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। चालक ने ट्रेन को रोक कर सहसपुर के स्टेशन मास्टर को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने जांच-पड़ताल की। जीआरपी की सूचना पर बिलारी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जीआरपी कर्मियों ने बताया कि ट्रेन की गति तेज होने की वजह से ग्रामीण लगभग 50 मीटर तक घिसटता चला गया और उसके शरीर के कई टूकड़े हो गए। पुलिस के अनुसार ग्रामीण ने काले रंग की पैंट, फिरोजी रंग की शर्ट और लाल रंग की चप्पल पहनी हुई थी।
शव के क्षत-विक्षत होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। ग्रामीण की पहचान होने के बाद ही यह पत लग सकेगा कि वह कहां का था और रेलवे लाइन पर एक्सप्रेस ट्रेन के आगे क्यों पहुंचा। संवाद