चंदौसी। चंदौसी में राज्यमंत्री गुलाब देवी को पार्टी का टिकट मिलने पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी विरोध किया था। जगह-जगह गुलाब देवी के खिलाफ प्रदर्शन भी हुए थे, लेकिन इसके बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा किया। नतीजा अब सभी के सामने है। गुलाब देवी ने अपनी प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी विमलेश कुमारी को 35367 वोटों से हराया है और शानदार जीत दर्ज की है।
चंदौसी विधानसभा सीट पर गुलाब देवी को टिकट मिलने के बाद चंदौसी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन हुए थे। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में गुलाब देवी के पुतले फूंके गए थे। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि गुलाब देवी के पति ने कई भ्रष्टाचार किए हैं, जिस कारण उन्हें टिकट न दिया जाए। बावजूद इसके पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र की जनता का रुख देखते हुए गुलाब देवी का समर्थन किया और उन पर भरोसा जताया। नतीजा ये रहा कि गुलाब देवी ने 112890 वोट प्राप्त कर 35367 वोटों से जीत हासिल की है। वहीं उनकी प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी विमलेश कुमारी को 77523 वोट मिले हैं। इसके अलावा बसपा प्रत्याशी रण विजय सिंह को 30335 और कांग्रेस प्रत्याशी मिथलेश कुमारी को 1588 वोट मिले हैं।
बता दें कि सीएम योगी व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उनके पक्ष में जनसभा कर स्वयं के नाम पर वोट मांगे थे। सभी आरोप प्रत्यारोपों के बीच उनका मिलनसार स्वभाव भी जीत में साधक बन गया।