मुरादाबाद। वैक्सीन की कमी से गांवों में चल रहे विशेष टीकाकरण अभियान पर फिर से ब्रेक लग गया है। अग्रिम आदेशों तक गांवों में ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन और टीकाकरण अभियान बंद कर दिया गया है। वहीं सोमवार को शहर के 23 केंद्रों पर कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा।
कोरोना टीकाकरण अभियान की राह में वैक्सीन की कमी रोड़ा बनने लगी है। दो हफ्ते पहले वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण प्रभावित हुआ था। गांवों में विशेष टीकाकरण अभियान बंद कर दिया गया था। साथ ही शहर में केंद्रों की संख्या कम कर दी गई थी। बाद में वैक्सीन की सप्लाई होने पर गांवों में टीकाकरण शुरू कर दिया गया था। लेकिन एक बार फिर वैक्सीन की किल्लत हो गई है। सोमवार को गांवों में विशेष टीकाकरण अभियान नहीं चलेगा। आगे भी ये अभियान बंद रहेगा। वहीं शहर के 23 केंद्रों पर ही वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि गांवों में चल रहा विशेष टीकाकरण अभियान सोमवार को बंद रहेगा। शासन के निर्देश पर अभियान के आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।