मुरादाबाद। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन और रेलवे प्रशासन के बीच स्थायी वार्ता तंत्र (बैठक) में कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बन गई है। इससे रेलवे कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन ने दो दिवसीय पीएनएम में रिक्त पदों को भरने, इंजीनियरिंग विभाग के ट्रैक मैनों को ठंड से बचने के लिए सुरक्षा उपकरण मुहैया कराने, इलेक्ट्रिक, टीआरडी विभाग की रीस्ट्रक्टरिंग समेत 30 से अधिक मुद्दे उठाए थे।
संगठन के मंडल सचिव शलभ सिंह ने बताया कि मंडल में 50 हजार से अधिक टीवीयू वाले 70 से अधिक फाटकों पर गेटमैनों की ड्यूटी आठ घंटे की जाएगी। 31 दिसंबर तक इलेक्ट्रिक टीआरडी के कर्मचारियों की रीस्ट्रक्चरिंग पूरी करने और सिग्नल एवं दूर संचार विभाग का ड्यूटी रोस्टर तैयार करने पर रेलवे प्रशासन ने सहमति जताई है। इसके अलावा हेल्पर, खल्लासी से फिटर के लिए आईक्यू के आधार पर सेलेक्शन, मंडल में गुड्स गार्ड से संबधित पीओएल की समस्या का सामाधान, रात में पेट्रोलिंग करने वाले ट्रैकमैनों को विंटर जैकेट उपलब्ध कराने, कोरोना काल में निजी अस्पताल में इलाज कराने वाले रेलकर्मियों की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द कराने पर सहमति बनी है।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अजय नंदन, सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह, सीनियर डीपीओ अवधेश कुमार, उरमू के मंडल अध्यक्ष एसके उपाध्याय, राजपाल सिंह, सरफराजुद्दीन, मनोज कुमार, विनीत कुमार, रमेशचंद आदि मौजूद रहे।